शोभित विश्वविद्यालय में ‘आयुर्वेद अक्षरारंभ’ और ‘नवरंग-2026’ का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
गंगोह (सहारनपुर), 26 नवंबर। शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में गुरुवार को ‘आयुर्वेद अक्षरारंभ-2026’ एवं दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘नवरंग-2026 : द कलर ऑफ एनर्जी’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्सव में सहारनपुर, हरियाणा और शामली के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र, एलबीएस आयुर्वेदिक कॉलेज बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. एमके अग्रवाल, कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू, अभिनव शोभित, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह, संस्था के केयरटेकर सूफी जहीर अख्तर, डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह, आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विकास कुमार शर्मा, नवरंग संयोजक प्रो. (डॉ.) आरिफ नसीर और जमशेद प्रधान ने मां सरस्वती एवं बाबू विजेंद्र कुमार की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गुब्बारे आकाश में उड़ाकर उत्सव का औपचारिक आगाज किया गया। सरस्वती वंदना और विश्वविद्यालय कुलगीत की प्रस्तुति भी हुई।

आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विकास कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अभिभावकों और विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं एवं सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। संस्था के केयरटेकर सूफी जहीर अख्तर ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एलबीएस आयुर्वेदिक कॉलेज, बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. एमके अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बीएएमएस पाठ्यक्रम के व्यावहारिक महत्व, आयुर्वेद के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से समर्पण, निष्ठा और निरंतर अध्ययन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है। सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करती हैं।
कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि प्रकृति, जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य से जुड़ा प्राचीन एवं समृद्ध विज्ञान है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के साथ समन्वय स्थापित कर आयुर्वेद विश्वभर में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में युवा आयुर्वेद चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों की ऊर्जा, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच को किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक ताकत बताया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
नवरंग-2026 के पहले दिन फूड कार्निवल, मॉडल प्रदर्शनी, ट्रेजर हंट, मर्डर मिस्ट्री, वाद-विवाद, कोलाज मेकिंग, रंगोली, कविता, कैलीग्राफी, मेहंदी डिजाइनिंग और फोटोग्राफी सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा रील्स एवं मूवी मेकिंग, एकल और समूह गायन तथा नृत्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्सव का सायंकालीन सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहा।

कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों, आयोजकों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का समापन 27 नवंबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। पूरे परिसर में उत्सव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

