उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने दिलाई संविधान की शपथ
बोले- संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए देशहित में कार्य करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य
सहारनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नवाबगंज स्थित आबकारी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए देशहित में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधीर कुमार ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि हमें संवैधानिक तरीके से देश की सेवा करनी चाहिए और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के आदर्शों और मूल्यों की रक्षा करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर सहायक आबकारी आयुक्त अभिमन्यु प्रताप सिंह, शिखर श्रीवास्तव, विशाल वर्मा, आबकारी निरीक्षक विकास यादव, अक्षय कुमार सहित आबकारी विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
