जनता इंटर कॉलेज में मनाया संविधान दिवस, छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ
संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जानकारी
बेहट। कस्बे के शाकंभरी रोड स्थित जनता इंटर कॉलेज में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों को भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, धर्मनिरपेक्षता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों की गारंटी देता है। उन्होंने संविधान दिवस मनाने के उद्देश्य और इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार गौतम ने संविधान के इतिहास तथा विभिन्न अनुच्छेदों में वर्णित नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हरपाल सिंह, मुकेश कुमार और प्रदीप कुमार सहित कॉलेज का स्टाफ मौजूद रहा। वहीं एनएसएस स्वयंसेवकों आंचल, साकिया, रिहान, आदित्य, अबूजर, लक्ष्मी, पूजा और वासित चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
