किसानों को वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण, 50 कृषकों को बताई आय बढ़ाने की तकनीक

किसानों को वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण, 50 कृषकों को बताई आय बढ़ाने की तकनीक
कंपनी बाग में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक खेती की जानकारी देते अधिकारी एवं विशेषज्ञ।

कंपनी बाग में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, मशरूम उत्पादन, शहद, पशुपालन और फसल निर्यात की दी गई जानकारी

सहारनपुर। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग की ओर से कंपनी बाग परिसर में दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में आयोजित इस कार्यक्रम में 40 सामान्य और 10 अनुसूचित जाति के कुल 50 किसानों ने प्रतिभाग किया।

जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त निदेशक, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र सहारनपुर विजय चंद ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है। जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान और विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए उनसे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कृषि विज्ञान केंद्र सहारनपुर के सेवानिवृत्त प्रभारी अधिकारी डॉ. आईके कुशवाह ने मशरूम उत्पादन और औद्यानिकी फसलों की खेती के बारे में विस्तार से बताया। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने औद्यानिकी फसलों के साथ पशुपालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसान खेती के साथ पशुपालन अपनाकर अपनी आमदनी के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।

रविंद्र तोमर ने औद्यानिकी फसलों में पोषण प्रबंधन की जानकारी दी, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र की विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. काम्या सिंह ने फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के उपाय बताए। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से कीट एवं रोग नियंत्रण करने की जानकारी दी, जिससे फसल की गुणवत्ता बनी रहे और उत्पादन लागत कम हो।

शहद उत्पादन से लेकर निर्यात तक बताए कमाई के अवसर

प्रशिक्षण में शहद उत्पादक संजय सैनी ने शहद उत्पादन को बढ़ावा देने और इसके माध्यम से अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के बारे में जानकारी दी। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी माधवी सिंह ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।

वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक (सेवानिवृत्त) रवि प्रकाश ने औद्यानिकी फसलों के निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव डकरावर कलां निवासी प्रगतिशील किसान बिजेंद्र कुमार ने आम की गुणवत्तायुक्त खेती और उसके निर्यात की संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक सलाह को अपनाकर आम उत्पादन में बेहतर पहचान बनाई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने किसानों, वैज्ञानिकों और विभागीय कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में शामिल किसानों ने भी विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें खेती की नई तकनीकों और आय बढ़ाने के बेहतर विकल्पों की जानकारी मिलती है।

Leave a Reply