मंडी पुलिस ने महिला नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, 53 लाख की स्मैक बरामद
265 ग्राम अवैध स्मैक के साथ 1.45 लाख रुपये की नकदी भी मिली, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे और निशानदेही पर 265 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा महिला के पास से 1 लाख 45 हजार 600 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक प्रिया सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और अय्यूब अली की टीम ने राजो के कब्रिस्तान स्थित तालाब के सामने से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान असमा उर्फ कल्लो पत्नी रियासत अली निवासी साबरी का बाग, गली नंबर-2, थाना मंडी के रूप में हुई है। तलाशी और निशानदेही के दौरान उसके कब्जे से 265 ग्राम अवैध स्मैक और 1 लाख 45 हजार 600 रुपये की नकदी बरामद की गई।
पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया और उसे जेल भेज दिया।
