ठंड बढ़ने के साथ जिला अस्पताल में बढ़े मौसमी बीमारियों के मरीज, रोजाना 30 से 50 पहुंच रहे मरीज
बुजुर्गों में खांसी-जुकाम, सांस और ब्लड प्रेशर की शिकायतें बढ़ीं, डॉक्टर ने दी विशेष सावधानी बरतने की सलाह
सहारनपुर। मौसम में ठंडक बढ़ने और तापमान में लगातार गिरावट के साथ मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। सुबह-शाम बढ़ रही ठिठुरन का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में ठंड से जुड़ी समस्याओं और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 30 से 50 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों की संख्या भी काफी है।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में खांसी, जुकाम, सांस लेने में परेशानी, जोड़ों में दर्द, ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव और हृदय संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार सर्दियों में बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर हृदय रोग, अस्थमा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए ठंड का मौसम अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अनिल वोहरा ने बताया कि ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ सकती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने और हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ने का खतरा रहता है। इसलिए बुजुर्गों को अपनी सेहत के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि सुबह जल्दी और देर शाम घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर गर्म कपड़े, टोपी, मफलर, मोजे और दस्ताने पहनकर ही बाहर जाएं। सिर, कान, गर्दन और पैरों को ठंड से बचाकर रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सुबह तड़के टहलने के बजाय धूप निकलने के बाद हल्की सैर करनी चाहिए। नियमित रूप से हल्का व्यायाम भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीज नियमित जांच कराएं तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन जारी रखें। ठंड के कारण दवाएं बंद करना या उनकी खुराक में स्वयं बदलाव करना नुकसानदायक हो सकता है।
खानपान और स्वास्थ्य जांच पर दें विशेष ध्यान
डॉ. वोहरा ने बताया कि सर्दियों में बुजुर्गों को अपने खानपान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल और दालें शामिल करें। ठंड में प्यास कम लगने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। धूम्रपान और अत्यधिक तली-भुनी चीजों से परहेज करना भी जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना आना, अचानक चक्कर आना या असामान्य कमजोरी जैसे लक्षणों को सामान्य ठंड समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। डॉक्टर के अनुसार थोड़ी सी सावधानी, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से बुजुर्ग सर्दियों में खुद को काफी हद तक सुरक्षित रख सकते हैं।
