विधानसभा सीट नंबर एक सपा की झोली में डालूंगा: उमर अली खान
टिकट मिलने के बाद बेहट पहुंचे सपा प्रत्याशी का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया जोरदार स्वागत
बेहट। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बेहट विधानसभा समेत प्रदेश की चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बेहट विधानसभा सीट से एक बार फिर उमर अली खान को सपा का प्रत्याशी घोषित किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान बेहट पहुंचे उमर अली खान का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए उमर अली खान जब बेहट कस्बे के मंडी रोड स्थित एयरटेल कार्यालय पहुंचे, तो सपा के जिला उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान विधायक उमर अली खान ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने दोबारा टिकट देकर उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा सीट नंबर एक को एक बार फिर समाजवादी पार्टी की झोली में डालना उनका लक्ष्य है। पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। इसमें क्षेत्र की जनता का भी पूरा सहयोग लिया जाएगा।
वहीं, सपा जिला उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उमर अली खान पर दोबारा विश्वास जताकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर घोषित प्रत्याशी को भारी मतों से जिताकर विधानसभा भेजने का काम करेंगे।
इस मौके पर अबरार अहमद, सपा नगर अध्यक्ष अजीम मलिक, मनोज कुमार कंबोज, अमित गुप्ता, गौरव गुप्ता, विकास जाटव, नीरज गुप्ता, शानू, वसीम अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
