खादी महोत्सव में उमड़ी भीड़, ग्रामोद्योगी उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

खादी महोत्सव में उमड़ी भीड़, ग्रामोद्योगी उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

मलखंभ के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों का मोहा मन, 26 नवंबर को आयोजित होगी एकीकृत बागवानी गोष्ठी

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से कंपनी बाग, बेहट रोड पर आयोजित सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। 20 नवंबर से शुरू हुआ यह महोत्सव 29 नवंबर तक चलेगा। महोत्सव में विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे ग्रामोद्योगी इकाइयों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

महोत्सव में आयुर्वेदिक दवाइयां, अचार-मुरब्बा, सूती वस्त्र, लकड़ी से बने सजावटी सामान, सिल्क की साड़ियां, कश्मीरी शॉल, शुद्ध शहद और कालीन सहित विभिन्न प्रकार के उत्पादों के स्टाल लगाए गए हैं। उत्तरकाशी के नौगांव से आई बद्री विशाल वूलन गारमेंट्स की खादी वस्त्र इकाई, जम्मू-कश्मीर की आरके हैंडीक्राफ्ट इकाई के गर्म शॉल और महिलाओं के गर्म सूट तथा उत्तर प्रदेश के भदोही से आई कालीन इकाई विशेष रूप से लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

महोत्सव के अंतर्गत 24 नवंबर की शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मलखंभ का शानदार प्रदर्शन किया गया। आर्यवृत्त खेल महासंघ, जहांगीरपुरी दिल्ली के बाल खिलाड़ियों ने खंभे पर विभिन्न योगासनों और हैरतअंगेज खेल मुद्राओं का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस रोमांचक प्रस्तुति का आनंद लिया। खासकर बच्चों में मलखंभ प्रदर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी के अनुसार, खादी महोत्सव के तहत 26 नवंबर को एकीकृत बागवानी गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें बागवानी से जुड़ी गतिविधियों और विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।