एक दिसंबर को सहारनपुर में बांटे जाएंगे 50 हजार टैबलेट: मंडलायुक्त

एक दिसंबर को सहारनपुर में बांटे जाएंगे 50 हजार टैबलेट: मंडलायुक्त

रिमाउंट डिपो ग्राउंड में होगा मंडलस्तरीय कार्यक्रम, तैयारियों की समीक्षा कर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सहारनपुर। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत आगामी एक दिसंबर को सहारनपुर के देहरादून रोड स्थित रिमाउंट डिपो ग्राउंड में मंडलस्तरीय टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इनमें सहारनपुर के 40 हजार तथा शामली और मुजफ्फरनगर के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।

बुधवार को मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने मंडल के प्रशासनिक, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को नोडल एवं सह नोडल अधिकारी नामित करने तथा सभी अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता को देखते हुए उनके आवागमन, सुरक्षा, बैठने, पेयजल, जलपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास द्वार, एंट्री पास, संस्थानवार बैठने की व्यवस्था, मंच, साउंड सिस्टम और पार्किंग का उचित प्रबंध किया जाए। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी छात्र-छात्राएं एक दिसंबर को सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त ने बताया कि लाभार्थियों का चयन डिजिटल शक्ति पोर्टल पर स्टूडेंट लॉकिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएं।

बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी शामली प्रवीण वर्मा, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।