‘माफ कर दो, गलती हो गई…’, होटल में हिंदू लड़की को बंधक बनाने वाला सलमान एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस के सामने गिड़गिड़ाया

‘माफ कर दो, गलती हो गई…’, होटल में हिंदू लड़की को बंधक बनाने वाला सलमान एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस के सामने गिड़गिड़ाया

उत्तर प्रदेश के मेरठ में हिंदू युवती को होटल में बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के दौरान बचकर भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन अंडरपास के पुल से नीचे गिर गया। हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सलमान पुत्र इमामुद्दीन मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैननगर का रहने वाला है। वह थाना सदर बाजार में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 में वांछित चल रहा था। उस पर दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित आरोप हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

25 नवंबर को अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस के सामने सलमान की निकली हेकड़ी

पुलिस को सामने देखकर सलमान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन वह पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान वह पुलिस से कहता रहा कि ”गलती हो गई, माफ कर दो।” तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

 

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद की रहने वाली लड़की की मुलाकात करीब एक साल पहले मेरठ के सलमान से हुई थी। दोनों एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। हाल ही में लड़की की शादी तय हो गई। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। इस दौरान आरोपी सलमान ने कई बार लड़की से मिलने की कोशिश की लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया। इधर दो दिन पहले लड़की अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी। इसकी जानकारी सलमान को हो गई। उसने लड़की को नौकरी दिलाने के बहाने से बुलाया और आबूलेन मार्केट के स्क्वायर होटल ले गया। वहां उसे कमरे में बंधक बना लिया।

पहले से शादीशुदा सलमान ने इस हिंदू लड़की को होटल स्क्वायर के कमरे में दो दिनों से कैद कर रखा था, उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। हालांकि, अब जब मामला बाहर आया तो मौके पर पहुंची पुलिस लड़की को अपने साथ थाने ले आई और उसकी शिकायत पर सलमान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

होटल से ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए निकली युवती

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि सड़क पर भागती-दौड़ती गाड़ियों के बीच अचानक एक लड़की गली से निकली। उसके पीछे लड़का भी निकला। लड़की सड़क पार कर भागने की कोशिश कर रही थी लेकिन पीछे से आए लड़के ने उसे दबोच लिया। लड़के ने न सिर्फ उसे दबोचा बल्कि उसे उठाकर वहीं सड़क पर पटक दिया और फिर उसे उठाकर वापस उसी गली के अंदर ले गया, जहां से वो भागी थी।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आसपास लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने भी रिएक्ट नहीं किया। हालांकि, थोड़ी देर बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग लड़की को बाहर लेकर आ गए। मौके पर मौजूद एक लड़की ने उसे संभाला, पानी पिलाया।

Leave a Reply