मांगों को लेकर रेलवे स्टेशन पर गरजे रेल कर्मचारी
यूआरएमयू ने किया धरना-प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली और सहारनपुर की वाशिंग लाइन दोबारा शुरू करने की उठाई मांग
छह घंटे तक चला प्रदर्शन, केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जताया रोष
सहारनपुर। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन के आह्वान पर उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) की शाखा की ओर से बुधवार को रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले प्रदर्शन में रेल कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मांगों के शीघ्र निस्तारण की आवाज उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए अंबाला मंडल के संगठन मंत्री अजय बिड़ला ने सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए तथा नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को समाप्त किया जाए। उन्होंने न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर करने, 20 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले कर्मचारियों को तत्काल पेंशन देने और सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाले अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में देने की मांग उठाई।
यूनियन पदाधिकारियों ने महंगाई भत्ते की रोकी गई तीन किस्तों का भुगतान करने, आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द प्रकाशित करने, रेलवे में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने और नए पदों को मंजूरी देकर विभिन्न विभागों में सहायकों की भर्ती शुरू करने की मांग भी की। इसके अलावा एक जनवरी 2004 से कर्मचारियों के वेतन से काटी जा रही 10 प्रतिशत अंशदान राशि ब्याज सहित वापस करने की मांग उठाई गई।
शाखा सचिव उपेंद्र गुप्ता ने रेलवे आवासों की जर्जर हालत पर चिंता जताते हुए कहा कि सुविधाओं के अभाव में कर्मचारी निजी मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने रेलवे आवासों के किराये में प्रतिवर्ष होने वाली वृद्धि की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने सहारनपुर की वाशिंग लाइन का मुद्दा उठाते हुए बताया कि वर्ष 2024 में वाशिंग लाइन बंद किए जाने के कारण करीब 150 रेल कर्मचारियों को हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने सहारनपुर में वाशिंग लाइन को दोबारा शुरू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शाखा अध्यक्ष रवि कुमार, राजन वत्स, रवि बालियान, ओम प्रकाश, ओम कुमार, मनोज कुमार, उपेंद्र गुप्ता, संजय सिंह, भगवान गिरि, राजेश कुमार, बाबू राम, रविंद्र कुमार, ओम बिड़ला, राजेंद्र कुमार, अमित कुमार, विकासराज शर्मा, अमरदीप, नितिन कुमार, अर्जुन सिंह, सुरेंद्र गुर्जर, ईशांक शमी, अनुज कुमार, ताराचंद, निर्मल, रोहित कुमार, शमशाद, विवेक, राधेश्याम, जोखू राम, जितेंद्र चौहान, समय सिंह, सनी आर्य, लालजी मीणा, बृजेश कुमार और प्रवेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं रेल कर्मचारी मौजूद रहे।
