महानगर के तीनों जोन में स्वगणना की प्रगति की समीक्षा
प्रत्येक प्रगणक को कम से कम 15 स्वगणना कराने का लक्ष्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
महानगर के 1722 जनगणना ब्लॉकों में अब तक 5595 स्वगणना पूरी
सहारनपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना कार्य में तेजी लाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। महानगर में जनगणना के लिए बनाए गए 1722 ब्लॉकों में अब तक 5595 स्वगणना की जा चुकी हैं। कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में तीनों जोन के सुपरवाइजरों की बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों ने स्वगणना का लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जोन-एक के सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक जोनल अधिकारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, जोन-दो की बैठक जोनल अधिकारी एवं कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी तथा जोन-तीन की बैठक जोनल अधिकारी विकास धर दुबे ने ली। बैठकों में सुपरवाइजरों से उनके क्षेत्र में प्रगणकों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। इसमें कितने घरों से संपर्क किया गया और कितने परिवारों की स्वगणना पूरी कराई गई, इसकी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रगणक को कम से कम 15 स्वगणना कराने का लक्ष्य पूरा करना होगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगले दिन सुबह 10 बजे तक किसी भी प्रगणक की प्रगति शून्य नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी प्रगणक की प्रगति शून्य पाई गई तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर नगरायुक्त सूरज यादव ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी सुपरवाइजर या प्रगणक की ओर से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन स्तर से लगातार सभी शहरों में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है और इस संबंध में कड़े निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों और प्रगणकों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठकों में सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष, कर अधीक्षक सुधीर शर्मा और कर अधीक्षक आशुतोष सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
