“हमारे लिए कमल का फूल सब कुछ है, सबको पता है CM का चेहरा कौन होगा”, योगी आदित्यनाथ का बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि हर कोई जानता है कि आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा। उन्होंने यह बात उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान के जवाब में कही, जिसमें मौर्य ने कहा था कि राज्य में पार्टी का चुनाव चिह्न ‘कमल’ ही उसका चेहरा है। आदित्यनाथ ने एबीपी न्यूज़ से कहा, हर किसी को कमल (चुनाव चिह्न) पर ही चुनाव लड़ना होगा। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा। हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है। मौर्य के बयान के बारे में पूछे जाने पर योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया, सबको पता है कि CM का चेहरा कौन होगा।
क्या कहा था केशव प्रसाद मौर्य ने?
2027 के चुनावों में बीजेपी के सीएम चेहरे के बारे में पूछे जाने पर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, चुनाव के दौरान, ‘कमल’ ही बीजेपी का चेहरा होता है। चुनाव खत्म होने और विधायकों के चुने जाने के बाद, वे एक बैठक करते हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं, और उस बैठक में बनी आम सहमति के आधार पर एक नेता चुना जाता है। फिलहाल, हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। वे मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और यह जिम्मेदारी संभालेगा, यह तय करना मेरा काम नहीं है; यह उस समय चुने गए विधायक तय करेंगे। बता दें कि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आधिकारिक तौर पर अपने सीएम चेहरे की घोषणा अभी नहीं की है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, कैसे भाजपा उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए एक बड़ा जनादेश हासिल कर सकती है। इन सभी समुदायों के नेताओं ने संकल्प लिया है कि वे पूरे राज्य में एकजुट होकर काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाए।
यूपी में कब होंगे चुनाव?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अगले साल यानी 2027 के फरवरी-मार्च महीने में होने की उम्मीद है। बता दें कि साल 2017 से राज्य में भाजपा ने लगातार दो बार चुनाव में जीत दर्ज की है, और समाजवादी पार्टी (सपा) इस बार पूरे दम खम के साथ चुनाव मैदान में उतरने को तैयार है।
