राम रसायन कथा के दूसरे दिन गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, भक्तिमय हुआ माहौल

राम रसायन कथा के दूसरे दिन गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, भक्तिमय हुआ माहौल
गंगोह के नामदेव पब्लिक स्कूल में आयोजित राम रसायन कथा के दूसरे दिन दीप प्रज्वलन करते अतिथि एवं कथा सुनाते कथा-वाचिकाएं।

गंगोह के नामदेव पब्लिक स्कूल में छह दिवसीय कथा का आयोजन, कथावाचिकाओं ने श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों का किया वर्णन

गंगोह (सहारनपुर)। नामदेव पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय राम रसायन कथा के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुई। कथा के दौरान प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर भावपूर्ण स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि रवि शंकर गर्ग और सुशील ऐरन सहित सारिका, पायल बंसल, पलविंदर अरोड़ा, अंकिता गर्ग और अंकित गोयल उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी राजपूत एवं प्रबंधक पंकज कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश

राम रसायन कथा के दूसरे दिन कथा-वाचिकाओं सोनाक्षी और मानवी ने प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों और प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और आदर्श जीवन के महत्व को प्रस्तुत किया।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रसंगों का श्रवण किया। श्रीराम के जयकारों से कार्यक्रम स्थल का वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा।

विद्यालय में आयोजित इस छह दिवसीय कथा के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्रभु श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply