सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी की 12 गाड़ियां और नकदी बरामद

सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी की 12 गाड़ियां और नकदी बरामद
सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों और बरामद मोटरसाइकिलों व स्कूटी के साथ थाना मंडी पुलिस टीम।

मंडी पुलिस ने जुल्मगढ़ पुलिया के पास से दबोचे आरोपी, गिरफ्तार शोभित के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे

सहारनपुर। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, दो स्कूटी और 2200 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर जुल्मगढ़ पुलिया के पास हुई गिरफ्तारी

मंडी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक जगपाल सिंह और उपनिरीक्षक शहरोज आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जुल्मगढ़ पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित उर्फ शोबी पुत्र तेजपाल उर्फ पाल्ला, निवासी सम्राट विक्रम कॉलोनी, सहारनपुर, स्थायी पता वर्धमान कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात तथा जावेद इकबाल पुत्र इकबाल अंसारी, निवासी मोहल्ला बंजारान, कस्बा व थाना नकुड़ के रूप में हुई है।

चोरी की 10 बाइक और दो स्कूटी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 12 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें 10 मोटरसाइकिलें और दो स्कूटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों से 2200 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

एक साथ इतनी संख्या में चोरी के वाहन बरामद होने को मंडी पुलिस की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।

शोभित के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शोभित उर्फ शोबी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 10 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

 

Leave a Reply