‘AAP सरकार में कानून-व्यवस्था चिंताजनक’, मानसा हत्याकांड पर भड़के नितिन नबीन
पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक शख्स परविंदर सिंह झोट्टा की मंगलवार (13 अक्टूबर, 2026) को गोली मारकर हत्या कर दी गई है. यह हैरान करने वाली घटना पंजाब के मानसा में घटी है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कड़ी निंदा की है.
उन्होंने इस घटना की आलोचना करते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि यह घटना आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार के तहत पंजाब में कानून व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति को पूरी तरह से उजागर करती है.
पंजाब सरकार को लेकर क्या बोले नितिन नबीन?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा, ‘मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता (Anti-Drug Activist) परविंदर सिंह झोट्टा की हत्या बेहद चौंकाने वाली है. यह आम आदमी पार्टी की सरकार के तहत पंजाब में कानून-व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति को उजागर करती है.’
उन्होंने कहा, ‘आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्ता में आने से पहले नशामुक्त पंजाब का वादा किया था, लेकिन आज नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोग खुद ही खतरे में हैं. यह शासन व्यवस्था की बहुत बड़ी विफलता है.’
पंजाब की जनता जवाब और जवाबदेही चाहती है- नितिन नबीन
नितिन नबीन ने आगे कहा, ‘अगर ड्रग माफिया के खिलाफ आवाज उठाने वाले और उससे लड़ने वाले लोग ही सुरक्षित नहीं है, तो पंजाब मे कौन सुरक्षित है? पंजाब की जनता जवाब और जवाबदेही की मांग करती है.’
मृतक के परिजनों ने AAP सरकार पर लगाया आरोप- BJP
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने आधिकारिक X सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो पोस्ट शेयर किया है. पोस्ट में मृतक परविंदर सिंह झोट्टा के परिजन पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार और मानसा के विधायक पर आरोप लगा रहे हैं.
वीडियो पोस्ट के कैप्शन में BJP ने लिखा, ‘पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या! परविंदर के पिताजी ने AAP सरकार और मानसा के विधायक विजय सिंघल पर गंभीर आरोप लगाए है. वहीं, परविंदर की मां का दावा है कि परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान, जवाब दो!’
