अलीगढ़ में रेस्तरां से युवक का अपहरण : छह पर मामला दर्ज
अलीगढ़: अलीगढ़ के क्वासी थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण और उस पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक का नाम व्योम कौशल है, जो विकास रेस्तरां में ठहरा हुआ था।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वह रेस्तरां से बाहर निकला, तभी वहां एक महिला समेत छह लोग पहुंचे। इनमें विशाल यादव, टिंकू बघेल, रिंकू बघेल, भोला और आकाश यादव शामिल थे। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर उसे जबरन उठाया और किशनपुर की ओर ले गए।
तहरीर के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, अभद्रता की और उस पर गोली भी चलाई। इस दौरान आरोपियों ने उसका फोन छीनकर चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राहुल तिवारी को सौंपी गई है।
