‘सत्ता के लिए मिलते-बिछड़ते हैं ये लोग’, BJP-SAD गठबंधन पर केजरीवाल का तंज; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

‘सत्ता के लिए मिलते-बिछड़ते हैं ये लोग’, BJP-SAD गठबंधन पर केजरीवाल का तंज; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन के ऐलान के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. करीब छह साल बाद दोनों दलों के फिर साथ आने पर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने निशाना साधा है. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन को सत्ता की राजनीति करार देते हुए कहा कि ये लोग सत्ता के लिए साथ आते हैं, फिर अलग हो जाते हैं और दोबारा एक साथ आ जाते हैं. वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भी गठबंधन पर तंज कसते हुए भाजपा और अकाली दल के दावों पर सवाल उठाए हैं.

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दल सत्ता हासिल करने के लिए गठबंधन करते हैं और फिर अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से अलग हो जाते हैं. दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी पंजाब के विकास के लिए काम कर रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने पंजाब को सुधारने और बीते 70-75 वर्षों में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए पूरी मेहनत से काम किया है. केजरीवाल ने कहा कि पूरा पंजाब देख रहा है कि भगवंत मान किस तरह राज्य को ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं.

सौरभ भारद्वाज का तंज- (0+0)²=0

भाजपा और अकाली दल के गठबंधन पर AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया के जरिए कटाक्ष किया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘(0+0)² = 0² + 2·0·0 + 0² = 0’. उनके इस पोस्ट को दोनों दलों के गठबंधन पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है.

कांग्रेस ने गैंगस्टरवाद को लेकर भाजपा-अकाली दल को घेरा

कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सुखबीर सिंह बादल को भाजपा के साथ गठबंधन की बधाई देते हुए उनके पंजाब से गैंगस्टरवाद खत्म करने के वादे पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से महत्वाकांक्षी और स्वागत योग्य वादा है, लेकिन इसकी शुरुआत भाजपा के साथियों से होनी चाहिए.

रंधावा ने सुझाव दिया कि सुखबीर बादल अपने नए गठबंधन सहयोगियों से कहें कि भाजपा शासित राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टरों को मोबाइल फोन के जरिए पंजाब में अपने नेटवर्क और गतिविधियां चलाने से रोका जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों की जेलों से गैंगस्टरों का नेटवर्क संचालित होता रहा तो पंजाब में गैंगस्टरवाद खत्म नहीं किया जा सकता.

उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध और गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाने के लिए पहले उन नेटवर्क पर कार्रवाई करनी होगी, जिनके जरिए जेलों में बंद अपराधी बाहर अपनी गतिविधियां संचालित करते हैं.

अमित शाह ने 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने का किया है वादा

दरअसल, मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया था. दोनों दलों ने 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की.

इस दौरान अमित शाह ने कहा था कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन NDA का प्रमुख लक्ष्य होगा. उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त करने का वादा भी किया. शाह ने बताया कि किसानों की समस्याओं, पंजाब के आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर सुखबीर सिंह बादल और नितिन नवीन के बीच तीन महीने तक चर्चा हुई है. इसके बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है, जिसे NDA की सरकार बनने पर लागू किया जाएगा.

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए कहा था कि इससे गठबंधन की ताकत बढ़ेगी. वहीं, सुखबीर सिंह बादल ने इसे पंजाब और सिख समुदाय के हितों से जुड़ा भावनात्मक फैसला बताया था.

Leave a Reply