नागल में छात्राओं के साथ पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का दिया संदेश

नागल में छात्राओं के साथ पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का दिया संदेश
नागल कस्बे में महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए जागरूकता रैली निकालतीं छात्राएं और पुलिस टीम।

हाथों में जागरूकता के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकलीं छात्राएं, महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक

नागल (सहारनपुर)। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को नागल थाना पुलिस ने कस्बे के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मंगलवार सुबह थाना परिसर से शुरू हुई जागरूकता रैली कस्बे के शिव चौक, मेन बाजार, बस स्टैंड और ब्लॉक चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्राएं हाथों में महिला सुरक्षा और जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रही थीं। छात्राओं ने नारे लगाकर लोगों को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना उद्देश्य: थाना प्रभारी

थाना प्रभारी राधेश्याम यादव ने बताया कि जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही आमजन तक महिला सुरक्षा और सम्मान का सकारात्मक संदेश पहुंचता है।

रैली के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेंद्र चौधरी, उप निरीक्षक शिवकार सिंह, सतेंद्र राठी, मिशन शक्ति टीम प्रभारी वर्षा कुशवाहा सहित पुलिसकर्मी और विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply