सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले राहुल गांधी 11.30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फेंस, सीजेआई ने कहा- सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सबके लिए खुले
नई दिल्ली: एसआईआर (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने की तैयारी में है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मार्च को लेकर सक्रिय हैं। प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक के रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं, सुरक्षा कारणों से नई दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशन शाम चार बजे तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट तक बैरिकेडिंग, पुलिस अलर्ट
INDIA ब्लॉक के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। संसद भवन से सुप्रीम कोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। मार्च में विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने नई दिल्ली इलाके के छह मेट्रो स्टेशनों को सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक बंद रखने का फैसला लिया है।
बंद रहने वाले स्टेशनों में शामिल हैं:
- राजीव चौक
- बाराखंबा रोड
- पटेल चौक
- केंद्रीय सचिवालय
- जनपथ
- मंडी हाउस
इन स्टेशनों से मेट्रो ट्रेनें गुजरती रहेंगी और यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हालांकि, निर्धारित अवधि के दौरान यात्री इन स्टेशनों से न तो बाहर निकल सकेंगे और न ही प्रवेश कर सकेंगे।
‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’, CJI सूर्यकांत
INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग पर मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने बताया कि विपक्षी नेता की ओर से मुलाकात के अनुरोध से संबंधित पत्र मिला था, जिसका जवाब उन्होंने दे दिया है। हालांकि, उन्होंने मिलने में असमर्थता जताई।
CJI ने कहा कि किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित निकाय के सदस्य की याचिका का स्वागत है। प्रत्येक भारतीय नागरिक को अदालत जाने का अधिकार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अदालत नागरिकों की चिंताओं को सुनेगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेगी।
मार्च से पहले राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च से पहले राहुल गांधी सुबह 11:30 बजे इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह एसआईआर, चुनाव आयोग की भूमिका और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की विपक्ष की मांग को लेकर अपना पक्ष रख सकते हैं।
INDIA ब्लॉक का यह प्रस्तावित मार्च चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की नाराजगी के बीच हो रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि विपक्षी नेताओं का मार्च किस रूप में आगे बढ़ता है और इस पर प्रशासन की क्या प्रतिक्रिया रहती है।
