‘मैंने पहली बार…’, भाषा विवाद के बीच CM विजय की इंग्लिश के फैन हुए चिदंबरम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के इंग्लिश बोलने पर उनकी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि इंग्लिश में उनका भाषण सुनकर बहुत अच्छा लगा. इस दौरान चिदंबरम ने टू लैंग्वेज पॉलिसी का भी जिक्र किया.
कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम ने रविवार (11 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मैंने पहली बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु विजय का अंग्रेज़ी भाषण सुना, क्योंकि वे दो-भाषा नीति पर जोर देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि वे (विजय) बहुत अच्छी अंग्रेज़ी बोलते हैं और वे अंग्रेज़ी शब्दों का उच्चारण भी सही ढंग से करते हैं. यह सुनकर बहुत अच्छा लगा.
चेन्नई को पीएम मोदी ने दी हजारों करोड़ की सौगात
पीएम मोदी ने रविवार को चेन्नई में 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उनके साथ सीएम विजय भी खासतौर पर मौजूद रहे. इसके बाद सीएम विजय ने चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसेर चरण का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी कई अहम मांगे पीएम मोदी के सामने रखी.
இரு மொழிக் கொள்கையை வலியுறுத்தும் தமிழ்நாடு அரசின் முதலமைச்சர் திரு விஜய் அவர்களின் ஆங்கிலப் பேச்சை முதன் முறையாகக் கேட்டேன் சரளமாக ஆங்கிலம் பேசுகிறார்; ஆங்கிலச் சொற்களை சரியாக உச்சரிக்கிறார். மிக்க மகிழ்ச்சி
— P. Chidambaram (@PChidambaram_IN) October 11, 2026
मद्रास HC की आधिकारिक भाषा तमिल करने की मांग
सीएम विजय ने मोदी सरकार से अपील कि चेन्नई मेट्रो के तीसरे चरण को जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए. इसके साथ ही उन्होंने कोयंबटूर और मदुरै के लिए प्रस्तावित मेट्रो रेल प्रोजेक्ट्स पर दोबारा विचार करने की अपील की. सीएम विजय ने मद्रास हाईकोर्ट की आधिकारिक भाषा के रूप में तमिल को मान्यता देने और चेन्नई-कोयंबटूर व चेन्नई-कन्याकुमारी के बीच हाई-स्पीड कॉरिडोर के निर्माण की भी मांग की.
तमिलनाडु में हिंदी विरोध
बता दें कि तमिलनाडु में शुरू से ही हिंदी भाषा का विरोध होता आया है. वहां के स्कूलों में सिर्फ तमिल और इंग्लिश में ही पढ़ाई कराई जाती है. पूर्व की DMK सरकार केंद्र पर जबरदस्ती हिंदी थोपने के आरोप लगाती रही है. हाल ही में राज्य के करूर सरकारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल और कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (CMCH) में उस वक्त हंगामा हो गया, जब यहां बांटे गए दवा के लिफाफों पर हिंदी लिखी दिखी. DMK नेताओं ने विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार पर हिंदी थोपने और तमिलनाडु की दो-भाषा नीति का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.
