दिल्ली में आंधी-बारिश, यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम, जानें चेतावनी
मॉनसून की विदाई के बीच मौसम एक बार फिर से करवट लेता दिख रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. IMD ने सोमवार (12 अक्टूबर) को दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है.
दिल्ली और आस-पास के इलाकों में इस हफ्ते की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई. सोमवार को राजधानी में भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिला. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ घंटों तक आंधी-तूफान जारी रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक बारिश के इस दौर के बाद अगले 6 दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं.
यूपी में आगरा सबसे गर्म
यूपी में अक्टूबर माह में भी लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिल रही है. रविवार को आगरा का तापमान फिर प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा. अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और दूसरे स्थान पर झांसी रहा. झांसी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने बुधवार से तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं. डेढ़ डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम रह सकता है. आगरा में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा.
पश्चिमी यूपी में बारिश
पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में रविवार को बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक पूरे प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की आशंका है, जिससे मौसम ठंडा रहने का अनुमान है. राजधानी लखनऊ और आस-पास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार का हाल
यूपी से सटे बिहार के उत्तरी-पूर्वी जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी नरमी आएगी और लोगों को उमस से काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान की बात करें तो जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जिलों में सोमवार को मौसम बिगड़ सकता है. 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलने और कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने खुले मैदानों में यात्रा करने वाले लोगों को धूलभरी आंधी से सावधान रहने की हिदायत दी है.
