हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है देश के लोकतंत्र को सही हाथों में सौंपने की: योगी

हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है देश के लोकतंत्र को सही हाथों में सौंपने की: योगी
सहारनपुर में जनमंच सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते पार्टी पदाधिकारी।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित हुई हैं देश की सीमाएं: मुख्यमंत्री

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के लोकतंत्र को सही व गलत हाथों में सौंपने की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है और वह अपने वोट का इस्तेमाल किस दिशा में करे, यह उन्हें तय करना है। गलत हाथों में जाने से कर्फ्यू व अराजकता का माहौल मिलता है और वहीं प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में जाने से विकसित भारत की गारंटी मिलती है। इसलिए आज वह प्रबुद्ध लोगों से संवाद करने आए हैं ताकि देश का भविष्य व दिशा तय की जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गांधी पार्क स्थित सेठगंगाप्रसाद माहेश्वरी जनमंच सभागार में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लगभग 45 मिनट के सम्बोधन में प्रत्येक पहलू को छूने का प्रयास कर हर व्यक्ति को अपने पक्ष में करने का भरसक प्रयास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उनका यह पहला प्रबुद्ध नागरिक संवाद है जिसमें प्रत्येक वर्ग से जुड़े व्यक्ति मौजूद हैं और उन्हें तय करना है कि वह अपना वोट किसको देंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए स्वयं को राघव समझकर कार्य करें। उन्होंने कांग्रेस, सपा एवं बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अलोकतांत्रिक व लोकतांत्रिक सरकार के गठन के लिए उन्हें अपने आपको तैयार करना होगा क्योंकि गलत हाथों में वोट जाने से अराजकता, कर्फ्यू जैसा माहौल दिखाई देगा तो वहीं मोदी के साथ जाने से कांवड़ यात्रा, विकसित भारत व भाजपा का सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार जनपद की पांच सीटों पर परचम लहराने का काम किया गया, उसी प्रकार राघव लखनपाल शर्मा को भी सफल बनाना होगा। सहारनपुर का विकास उत्तर प्रदेश का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि गैर भाजपा सरकारों में व्यापारी, उद्योगपति, बेटी-बहू सुरक्षित नहीं थी। रात में निकलना दुश्वार था, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी को सुरक्षा का माहौल देते हुए सम्मान के साथ जीना सिखाया है। उन्होंने कहा कि वोट सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसका सही व गलत प्रयोग करना यह उन पर ही निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि आज देश में जाति व धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है और 2014 से पहले के भारत और अब के भारत में एक बड़ा परिवर्तन हुआ है। 140 करोड़ लोगों का पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है। जबकि इससे पहले स्थिति बेहद निराशाजनक थी और देश के लोगों को सम्मान नहीं मिलता था। अब जनता को तय करना है कि एनडीए या इंडी को प्रथम करना है। तुष्टिकरण, परिवारवाद व जातिवाद की राजनीति से बचने के लिए हमें लोकतंत्र में सही तरीके से काम करने वाली सरकार को सत्ता में लाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर कहा कि देश की सामा व आंतरिक सुरक्षा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल नेतृत्व के चलते अत्यधिक मजबूत हुई है और कश्मीर जैसे राज्य को पूर्ण राज्य के साथ-साथ धारा-370 समाप्त की तथा आतंकवाद व उग्रवाद समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा है वह पूरा किया है। आज देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और देश की आंतरिक सुरक्षा भी मजबूत हुई है। जबकि गैर भाजपाई सरकारों में कश्मीर प्रतिदिन गोलीबारी, पत्थरबाजी व आतंकवाद चरम पर था तथा धारा-370 लागू थी परंतु इन सब समस्याओं का समाधान मोदी सरकार में किया गया है। उन्होंने अयोध्या में मंदिर निर्माण की ओर इशारा करते हुए कहा कि पूर्व में हम कहते थे कि होली खेलें रघुवीरा अवध में केवल गीत गुनगुनाते थे लेकिन 500 वर्षों के बाद पहली बार अयोध्या में रघुवीरा ने होली खेली है। देश व प्रदेश में जात-पात व धर्म की राजनीति को समाप्त कर प्रत्येक वर्ग व गरीब कल्याण के लिए कार्य किए गए हैं तथा अनेक योजनाएं लागू कर विकास कराया गया है। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश में व्यापार व उद्योग को बढ़ावा दिया गया है और विश्व पटल पर भारत को आर्थिक उन्नति व सम्मान मिला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा को विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार 2019 जैसी गलती दोहराने का काम न किया जाए और मत प्रतिशत को अधिक से अधिक बढ़ाने का काम करें। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत कम होने के कारण पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ गया था लेकिन इस बार किसी भी तरह से यह गलती न दोहरायी जाए और प्रत्येक व्यक्ति अपने आपको राघव समझकर वोट देने का काम करें ताकि इस बार भारी मतों से राघव लखनपाल शर्मा अपनी जीत का परचम लहरा सकें। तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की गारंटी का संकल्प पूरा होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प यात्रा का विस्तार से वर्णन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश-प्रदेश में गरीबों के उत्थान व विकास को मजबूती के साथ खड़ा किया गया है और आज विकसित भारत की गारंटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ व देश में 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। 12 करोड़ लोगों को किसान सम्मान निधि से लाभान्वित किया जा रहा है, 4 करोड़ लोगों को छत दी गई है, ढाई करोड़ लोगों को नि:शुल्क विद्युत कनैक्शन दिए गए हैं, 10 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना का लाभ दिया गया है तथा 60 करोड़ लोगों को 5 लाख रूपए का स्वास्थ्य बीमा दिया गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की गारंटी है जो साकार रूप लेने जा रही है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे