जंतर-मंतर पर पत्रकारों से कथित अभद्रता के विरोध में भारतीय पत्रकार संघ ने सौंपा ज्ञापन

जंतर-मंतर पर पत्रकारों से कथित अभद्रता के विरोध में भारतीय पत्रकार संघ ने सौंपा ज्ञापन

निष्पक्ष जाँच, पत्रकारों की सुरक्षा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई माँग

नकुड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता, घेराव, मारपीट और धमकी की घटनाओं के विरोध में भारतीय पत्रकार संघ की तहसील नकुड़ इकाई ने केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपजिलाधिकारी महोदया, नकुड़ के माध्यम से भेजा गया है।

भारतीय पत्रकार संघ के तहसील अध्यक्ष दिग्विजय त्यागी ने कहा कि जुलाई 2026 में जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ पत्रकारों को कथित रूप से भीड़ ने घेर लिया। उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई तथा उन्हें समाचार कवरेज करने से रोकने का प्रयास किया गया। कुछ महिला पत्रकारों ने भी कथित दुर्व्यवहार, घेराव और असुरक्षा की शिकायत की है।

ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और पत्रकारों के बयानों के अनुसार कुछ पत्रकारों के मोबाइल फोन, कैमरे एवं अन्य उपकरणों को नुकसान पहुँचाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। किसी समाचार संस्थान की संपादकीय नीति अथवा पत्रकार की रिपोर्टिंग से असहमति, उसके साथ हिंसा और अभद्रता का आधार नहीं बन सकती।

भारतीय पत्रकार संघ ने माँग की कि सभी कथित घटनाओं की दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में समयबद्ध और निष्पक्ष जाँच कराई जाए। घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज, पुलिस वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया पर उपलब्ध मूल वीडियो सुरक्षित कराकर आरोपित व्यक्तियों की पहचान की जाए।

संगठन ने कहा कि जाँच में संज्ञेय अपराध सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। प्रभावित पत्रकारों, विशेष रूप से महिला पत्रकारों के बयान सुरक्षित वातावरण में दर्ज किए जाएँ तथा उनकी पहचान और सुरक्षा का ध्यान रखा जाए।

ज्ञापन में क्षतिग्रस्त कैमरों, मोबाइल, वाहनों और अन्य उपकरणों के नुकसान का आकलन कर दोषियों से क्षतिपूर्ति दिलाने की माँग भी की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक धरना-प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान पत्रकारों के लिए सुरक्षित मीडिया क्षेत्र, पुलिस नोडल अधिकारी और त्वरित सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने की माँग उठाई गई।

संघ ने प्रदर्शन आयोजकों की जिम्मेदारी तय करने तथा प्रकरण में की गई जाँच और कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करते हुए पत्रकार संगठनों को उपलब्ध कराने की माँग की।

ज्ञापन देने वालों में महामंत्री नवीन धीमान, मंत्री विकास कुमार, कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, संयोजक प्रदीप खारी, सचिव राहुल बिश्वा तथा संरक्षक जगदीप एवं प्रदीप, प्रिंस एवं राहुल सढोली उपस्थित रहे।