जंतर-मंतर प्रदर्शन की कॉल के बाद आजाद समाज पार्टी नगर अध्यक्ष हाउस अरेस्ट
बस्ते पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से दैनिक कार्य प्रभावित होने का आरोप
नकुड़, 8 अक्टूबर (इंद्रेश)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस के प्रदर्शन की कॉल के मद्देनजर कोतवाली पुलिस ने आजाद समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं अधिवक्ता महेश कुमार को हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने सुबह से ही उनके बस्ते पर निगरानी शुरू कर दी थी। जैसे ही महेश कुमार अपने बस्ते पर पहुंचे, पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचकर डट गए।
आजाद समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष महेश कुमार ने पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे मनमानी बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने दैनिक कार्य करने से भी रोका जा रहा है। पुलिसकर्मियों की लगातार मौजूदगी के कारण वह अपने बस्ते का काम भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं।
महेश कुमार ने कहा कि आजाद समाज पार्टी ने कांग्रेस की दिल्ली में प्रदर्शन की कॉल का समर्थन भी नहीं किया था। इसके बावजूद उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया, जो उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में वह अपने मुवक्किलों से ठीक से बातचीत नहीं कर पा रहे हैं। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी देखकर उनके क्लाइंट भी बस्ते पर आने से डर रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
फोटो कैप्शन: बस्ते पर पुलिसकर्मियों के बीच बैठे आजाद समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष महेश कुमार।
