शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में करियर काउंसलिंग एवं रिज्यूमे बिल्डिंग विषय पर सत्र आयोजित
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में छात्र एवं छात्राओं को बेहतर करियर अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से करियर सेल एवं यूनिवर्सिटी स्टूडेंट क्लब द्वारा ‘करियर काउंसलिंग एवं रिज्यूमे बिल्डिंग’विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के गौरवशाली पुरातन छात्र एवं शैल सलूशन, गुरुग्राम में सीनियर क्वालिटी ऑटोमेशन इंजीनियर के पद पर कार्यरत श्री सिकंदर सिंह ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में छात्र एवं छात्राओं को करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
करियर काउंसलिंग सत्र की शुरुआत में यूटीडीसी समन्वयक, डॉ. नवीन कुमार ने सभी छात्र एवं छात्राओं को सत्र के विषय “करियर काउंसलिंग एवं रिज्यूमे बिल्डिंग” से अवगत कराया। तत्पश्चात मुख्य वक्ता श्री सिकंदर सिंह ने करियर काउंसलिंग सत्र के सन्दर्भ में सभी छात्र एवं छात्राओं को प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने, अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यताओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने, इंटरव्यू की तैयारी तथा वर्तमान रोजगार क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्र एवं छात्राओं को अपने कौशल को निरंतर विकसित करने तथा बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र एवं छात्राओं ने प्रतिभाग किया और विशेषज्ञ से करियर संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया। छात्र एवं छात्राओं ने सत्र को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्हें अपने करियर की दिशा निर्धारित करने तथा रोजगार की तैयारी से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने अपने सन्देश में करियर काउंसलिंग सत्र के आयोजकों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की और कहा कि इस तरह के सत्र छात्र एवं छात्राओं को अपने करियर की सही दिशा तय करने, आवश्यक कौशल विकसित करने और रोजगार के बदलते अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलसचिव, प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने आयोजकों को अनेक शुभकामनाएं दी और कहा कि सही लक्ष्य का चयन, निरंतर प्रयास और अपने कौशल का विकास छात्र एवं छात्राओं को सफलता की दिशा में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर डॉ. नवीन कुमार, डॉ. नितिन कुमार, सचिन कुमार एवं उमंग शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
