फैसल मिर्जा वार्ड नंबर 12 से निर्विरोध सभासद घोषित
रिटर्निंग ऑफिसर ने सौंपा निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र
बेहट। नगर पंचायत बेहट के वार्ड नंबर 12 से फैसल मिर्जा को निर्विरोध सभासद घोषित किया गया है। बुधवार को बेहट तहसील मुख्यालय पर रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान फैसल मिर्जा ने अपने दिवंगत पिता के सपनों को साकार करने और वार्ड का विकास कराने का संकल्प दोहराया।
दरअसल, नगर पंचायत बेहट के वार्ड नंबर 12 के सभासद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मास्टर जमील के निधन के बाद सीट रिक्त हो गई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग की ओर से उपचुनाव की तिथि घोषित की गई थी। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर को मतदान और 15 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित थी।
निर्धारित अवधि में मास्टर जमील के बेटे फैसल मिर्जा ने ही एकमात्र नामांकन दाखिल किया। किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन नहीं होने के कारण मतदान की प्रक्रिया टल गई और फैसल मिर्जा का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने फैसल मिर्जा को नगर पंचायत बेहट के वार्ड नंबर 12 से निर्विरोध सभासद घोषित करते हुए प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के दौरान चेयरमैन अब्दुल रहमान, सांसद प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता डॉ. माजिद, मिर्जा अतीक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अबरार मिर्जा, गुड्डू पीरजादा, पूर्व सभासद अब्दुल मालिक, रिहान मिर्जा, समद मिर्जा, पूर्व सभासद अरशद खान, वजाहत अली और मारूफ मिर्जा आदि मौजूद रहे।
