50 से अधिक स्थानों से हटाया अतिक्रमण, जुर्माना भी वसूला
भारत माता चौक से पुरानी चुंगी और पुल जोगियान से पुल खुमरान तक चला अभियान
सहारनपुर। नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने भारत माता चौक से पुरानी चुंगी तथा पुल जोगियान से पुल खुमरान तक अभियान चलाकर 50 से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले कुछ दुकानदारों के चालान करते हुए कुल साढ़े पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगरायुक्त के निर्देश तथा जोन एक प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदारों ने सड़क पर रेत-बजरी फैला रखी थी, जबकि कुछ ने लकड़ी की चौखट और फर्नीचर सड़क तक रखकर आवागमन बाधित कर रखा था। इसके अलावा ढाबों के बाहर सड़क पर तंदूर रखकर किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान किए और मौके पर ही जुर्माना वसूला। नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी।
अभियान में प्रवर्तन दल के रणदीप सिंह, विक्रम सिंह, शिवकुमार, अमित कुमार, नितिन सिंह, विकास कुमार और मेहरबान अली आदि शामिल रहे।
