जिला मुख्यालय पर गरजे सपा कार्यकर्ता
सहारनपुर। वोट चोरी के आरोपों के विरोध और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और जिला मुख्यालय की ओर कूच करने लगे। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को पकड़कर वाहनों में बैठा लिया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को स्टेडियम के पास रोक दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने सपा नेताओं से ज्ञापन लिया। ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ता वापस पार्टी कार्यालय लौट गए। सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल वहीद ने आरोप लगाया कि पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही कई जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को रात में उनके घरों पर हाउस अरेस्ट कर लिया था। इसके बावजूद कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने के लिए जिला मुख्यालय की ओर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने वोट चोरी के आरोपों की जांच कराने, लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने तथा संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा की मांग उठाई। पुलिस की ओर से कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के बाद प्रशासन ने स्टेडियम के पास ही ज्ञापन लेने की व्यवस्था की, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यकर्ता वापस लौट गए। प्रदर्शनकारियों में भारी संख्या में सपाई शामिल रहे।
