तालाब में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
नकुड़, 5 अक्टूबर। इंद्रेश। कोतवाली क्षेत्र के गांव साल्हापुर में तालाब में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार साल्हापुर निवासी अनुज का तीन वर्षीय पुत्र अक्षित रविवार शाम अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने भी आसपास के संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह एक ग्रामीण तालाब के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर तालाब में तैर रहे बच्चे के शव पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। बच्चे का शव मिलने की खबर पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। शव की पहचान अक्षित के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की स्थिति स्पष्ट करने के लिए तालाब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में बच्चा तालाब की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटना दोबारा न हो।
