एनसीसी कैडेट्स के सर्वांगीण विकास पर मंथन, कॉमन एकेडमी बनाने पर जोर

एनसीसी कैडेट्स के सर्वांगीण विकास पर मंथन, कॉमन एकेडमी बनाने पर जोर

सहारनपुर, 5 अक्टूबर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में एनसीसी कैंप से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनसीसी कैडेट्स के सर्वांगीण विकास, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं, आधारभूत ढांचे के विस्तार और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सहारनपुर के कमान अधिकारी कर्नल आर.के. माही, सेना मेडल ने एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों, कैडेट्स के प्रशिक्षण और आगामी वर्ष की योजनाओं के संबंध में जिलाधिकारी को जानकारी दी। इस दौरान सभी कैडेट्स के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ एक कॉमन एनसीसी एकेडमी विकसित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया।

सरकारी योजनाओं और गवर्नेंस से जोड़े जाएंगे कैडेट्स

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स का विकास केवल प्रशिक्षण और अनुशासन तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कैडेट्स को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें जनजागरूकता और गवर्नेंस से जुड़े कार्यों में भी योजनाबद्ध तरीके से जोड़ा जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रॉपर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कैडेट्स स्वयं सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें।

ड्रोन और रोबोटिक्स का मिलेगा प्रशिक्षण

बैठक में कैडेट्स को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर भी विशेष चर्चा हुई। ड्रोन, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, जिससे कैडेट्स के तकनीकी कौशल को विकसित किया जा सके और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

इसके अलावा कैडेट्स को अकादमिक सपोर्ट, करियर गाइडेंस और एसएसबी गाइडेंस, काउंसलिंग तथा गर्ल चाइल्ड वेलफेयर से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।

CSR और बैंकिंग सहयोग से स्किल डेवलपमेंट

जिलाधिकारी ने सीएसआर और बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से कैडेट्स को स्किल डेवलपमेंट तथा प्रशिक्षण से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। कैडेट्स के बैंक खाते और अन्य आवश्यक वित्तीय सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई।

कमान अधिकारी ने कैडेट्स को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए खेल प्रशिक्षण, मेडिकल सपोर्ट तथा एनसीसी कैंप के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से सहयोग का आग्रह किया।

व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश

एनसीसी से संबंधित सूचनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए जिलाधिकारी ने उच्च शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों और एनसीसी के बीच सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान किया जा सकेगा।

कमान अधिकारी ने एनसीसी दिवस, राष्ट्रीय एकता दिवस और सशक्त नारी दिवस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अवसरों पर एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। साथ ही कैडेट्स के जीवन, बालिका सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की भावना पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म या डॉक्यूमेंट्री तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा।

जिलाधिकारी ने कहा कि कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को सुनियोजित कार्ययोजना के तहत संचालित किया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्राचार्य महाविद्यालय कोटा, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply