बहन के शव को दफनाने के लिए कब्र खोद रहे भाई की हुई मौत, एक साथ उठे दोनों के जनाजे

बहन के शव को दफनाने के लिए कब्र खोद रहे भाई की हुई मौत, एक साथ उठे दोनों के जनाजे

गांव में बहन और भाई का जनाजा एक साथ उठा तो कोहराम मच गया। उत्तराखंड के जसपुर में गंभीर बीमारी के चलते मरी चचेरी बहन की कब्र खोद रहा भाई गश खाकर कब्र में ही गिर पड़ा।

साथी उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। ग्राम रामनगर वन निवासी नसरूद्दीन की दो बेटियां हैं, जो जन्म से ही मानसिक रूप से बीमार हैं। कुछ दिन से 22 वर्षीय छोटी पुत्री शहाना परवीन की तबीयत खराब थी। दो दिन पहले ही उसकी मौत हो गई।

शहाना परवीन को दफनाने के लिए गांव के युवकों के साथ उसका तहेरा भाई मुर्करम (25) पुत्र अशफाक हुसैन भी कब्रिस्तान में कब्र खोदने गया था। बताते हैं कि कब्र खोदते समय मुकर्रम की अचानक हालत बिगड़ी और वह कब्र में ही गिर गया। यह देखकर उसके साथियों के होश उड़ गए। वह उसे उठाकर निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

देर शाम मुकर्रम और उसकी चचेरी बहन को अलग-अलग कब्रों में दफनाया गया। एक साथ दो जनाजे उठने से गांव में गम का माहौल बना हुआ है। मुकर्रम गांव में बारबर का काम करता था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक पुत्र भी है।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे