रायबरेली में शिव मंदिर में तोड़ फोड़, शिवलिंग खंडित और त्रिशूल गायब; सुबह भक्त पहुंचे तो दशा देख उड़े होश

रायबरेली। मिल एरिया के एक गांव में अराजक तत्वों ने शिव मंदिर में ताेड़ फोड़ की। अराजक तत्वों ने मंदिर के शिवलिंग व त्रिशूल को उखाड़ दिया। परिसर के पास शराब की बोतल भी बरामद हुई है। सुबह जानकारी होते ही गांव में अफरा तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना को लेकर लोगों में रोष है।जानकारी के मुताबिक उफरामऊ गांव निवासी मनीष शुक्ल के दरवाजे के सामने शिव मंदिर बना हुआ है। शुक्रवार की रात अराजक तत्व मंदिर में घुस गए और शिव लिंग को तोड़ दिया। साथ ही मंदिर में लगा त्रिशूल भी उखाड़ ले गए। शनिवार की सुबह मनीष जब मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर की दशा देख उनके होश उड़ गए।
शिव भक्तों में आक्रोश
देखते ही बड़ी संख्या में शिव भक्त मंदिर में एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों को मंदिर के पास ही शराब की आधी भरी बोतल, अबीर का पैकेट पड़ा मिला। घटना को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार का कुकृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कुकृत्य क्षेत्र के शिवभक्तों की आस्था पर चोट है। ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष राजीव सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।