जिद और जोखिम के जादूगर, सात साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे अरविंद केजरीवाल
उन्होंने व्यवस्था परिवर्तन का बीड़ा उठाया था, लेकिन खुद ही उस व्यवस्था का हिस्सा बन गए। अरविंद केजरीवाल पिछले सात सालों में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उन्होंने हर बार नई मुश्किलों को परास्त कर बड़ी जीत दर्ज की है।
पढ़ाई से इंजीनियर और पेशे से नौकरशाह रहे केजरीवाल ने पिछले पांच सालों में दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया। मौजूदा मुख्यमंत्रियों में अपनी उपलब्धियों के बल पर चुनाव जीतने वाले ओडिशा के नवीन पटनायक के बाद संभवतः देश के दूसरे सीएम हैं।
पहले ही चुनाव में शीला दीक्षित को हराया: उनके करिअर पर एक नजर डालने से जाहिर है वे न सिर्फ जिद्दी हैं जोखिम उठाने से भी नही घबराते। वरना कौन सा राजनीतिज्ञ होगा, जो अपने जीवन का पहला चुनाव ही शीला दीक्षित के खिलाफ लड़ेगा जो 15 साल से न सिर्फ दिल्ली की सत्ता में बतौर मुख्यमंत्री काबिज थीं, बल्कि उसे आधुनिकतम स्वरूप और सुविधाएं प्रदान करने में उनकी महती भूमिका थी। दूसरा चुनाव नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से लड़ा, जो उस वक्त लोकप्रियता की लहर पर सवार भावी पीएम के तौर पर देखे जा रहे थे।
मंत्रियों पर लगे संगीन आरोप: मंत्रिमंडलीय साथियों पर बलात्कार और फर्जी मार्कशीट तैयार कराने के आरोप लगे। कई साथी जेल गए। लेकिन केजरीवाल लगातार पार्टी पर अपनी पकड़ मजबूत करते गए। 2015 में जीत के बाद उन्होंने अपनी नजरें पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल जैसे छोटे राज्यों पर गड़ा दीं, लेकिन पंजाब में मिली हार के बाद ही उन्हें बाकी राज्य छोड़कर सिर्फ दिल्ली में ही सिमट जाना पड़ा।
करारी हार, उसके बाद प्रचंड जीत
पहले चुनाव में शीला दीक्षित को हराया। कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई। महज 49 दिनों के बाद इस्तीफा दे लोकसभा चुनाव लड़ा और करारी हार का सामना करना पड़ा। बाद में उन्होंने स्वयं कहा कि वह उनके जीवन का सबसे निराशाजनक दौर था। सभी उन्हें भगोड़ा कहते थे। लेकिन केजरीवाल लगे रहे। एक साल के राष्ट्रपति शासन के बाद हुए विधानसभा चुनाव में जनता का भरोसा जीतने में कामयाब हुए। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 67 जीतकर अभूतपूर्व विजय प्राप्त की।
जहां से रिजेक्ट हुए, वहीं की नौकरी
सीधे-साधे दिखने वाले केजरीवाल में यह जिद और हार न मानने की प्रवृत्ति तब से थी, जब वे आईआईटी खडग़पुर में मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। 1989 में पढ़ाई पूरी होते ही उन्हें देश की सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी ओएनजीसी से नौकरी का ऑफर लेटर मिला, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। वे तो उसी टाटा स्टील में नौकरी करना चाहते थे, जिसने इंटरव्यू में उन्हें रिजेक्ट कर दिया था। दोबारा इंटरव्यू के लिए उन्होंने टाटा स्टील के मुख्यालय में बात की कि उन्हें इंटरव्यू का बस एक और मौका मिल जाए तो वह अपने आप को साबित कर देंगे। आखिरकार कंपनी ने उनका फिर से इंटरव्यू लिया और अंतत: वह टाटा स्टील की नौकरी पाने में सफल रहे। हालांकि जल्द ही वे उससे ऊब गए और छोड़कर उन्होंने सिविल सेवा की परीक्षा दी और राजस्व सेवा में चयन हुआ।