दिल्ली में तूफान और बारिश का अलर्ट, पर नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, तापमान पहुंचेगा 41 डिग्री के पार
देश में कहीं बारिश तुफान तो कहीं लू की मार जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार भारत के उत्तर पश्चिम और मध्य में इस सप्ताह भीषण लू की स्थिति रहने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक दो दिनों से तेज धूप के साथ लगातार तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान इस हफ्ते 40 के पार ही रहने की संभावना है.
गुरुवार (14 मई) को राष्ट्रीय राजधानी में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई और ओले तक गिरे. गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में दक्षिण पूर्वी हवाएं चलीं, जिसकी गति 15 से 20 किमी प्रति घंटा रही और झोंको के साथ 98 किमी प्रति घंटा (पालम में) तक पहुंच गई.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
राजधानी में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आज शुक्रवार (15 मई) को न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. IMD का अनुमान है कि आज आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. सुबह के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है, जिसके साथ गरज/बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी/घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंको के साथ बढ़कर 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.
राजधानी में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है. इसके बाद के 2 दिनों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की चेतावनी
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने बच्चे, बुजुर्ग और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों सावधान रहने की सलाह दी है क्योंकी गर्मी इनकी स्वास्थ्य परेशानियों को बढ़ा सकता है. इसके अलावा गर्मी को देखते हुए हल्के व ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने तूफान की स्थिति में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है क्योंकि इस दौरान पेड़ के गिरने या बिजली के गिरने से कोई भी अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है. बिजली कड़कने के दौरान बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी गई है. किसानों को सलाह दी जाती है कि वो अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें.
