AAP नेता दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल बोले, ‘उसने BJP में शामिल होने से…’
आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दीपक सिंगला को किसी गलत काम के लिए नहीं बल्कि, उन्हें बीजेपी के खिलाफ बोलने और उस पार्टी में शामिल होने से इनकार करने की वजह से गिरफ्तार किया गया है.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने AAP नेता दीपक सिंगला का समर्थन करते हुए ये भी कहा, ”दीपक बहादुर हैं और देश के लिए लड़ रहे हैं.” दीपक सिंगला को दिल्ली और गोवा से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी ने सोमवार (18 मई) को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक उनके आवास और अन्य परिसरों पर छापेमारी सुबह करीब 6:00 बजे शुरू हुई थी.
आतिशी का बीजेपी पर हमला
आम आदमी पार्टी ने सिंगला के आवास पर छापेमारी के बाद बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए उस पर केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से पार्टी का संगठनात्मक डेटा हासिल करने का आरोप लगाया. दिल्ली में विपक्ष की नेता आतिशी ने एक पोस्ट में कहा कि ये छापे गोवा में आम आदमी पार्टी की ‘बढ़ती लोकप्रियता’ के बीच मारे गए हैं, और उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ईडी के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रही है.
आतिशी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “आज हमारे देश में NEET का पेपर लीक हो रहा है, पेट्रोल-डीज़ल-CNG के दाम रोज़ बढ़ रहे हैं, रुपया डॉलर के सामने गिरता जा रहा लेकिन मोदी जी को सिर्फ़ एक काम है- विपक्ष के नेताओं पर झूठे केस लगाना और उन्हें गिरफ़्तार करना.”
‘कितने भी नेताओं को गिरफ्तार करो, हम देश हित में काम करते रहेंगे’
उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे कहा, ”आज ED ने आप नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया है क्योंकि वो गोवा में बीजेपी के खिलाफ लड़ने वाला एक संगठन तैयार कर रहे थे. मोदी जी, आप चाहे हमारी पार्टी के कितने भी नेताओं को गिरफ़्तार करो, हम देश के हित के लिए काम करते रहेंगे.”
