‘BJP-JDU में कुछ ठीक नहीं’, RJD की बड़ी भविष्यवाणी, दावा- ‘…बगावत करने वाले हैं’
आनंद मोहन के बयान से बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है. बिहार में मुख्य विपक्ष दल आरजेडी ने दावा किया है कि बीजेपी और जेडीयू में कुछ भी ठीक नहीं है. सोमवार (18 मई, 2026) को आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने दावा करते हुए भविष्यवाणी भी की.
इस सवाल पर कि आनंद मोहन ने कहा है कि जेडीयू में कुछ लोग पैसा लेकर मंत्री बना रहे हैं, या उन्हीं को आगे बढ़ाया जा रहा है जो पैसे दे रहे हैं. इस पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि अब सारी पोल तो जेडीयू के नेता ही खोल रहे हैं. अभी तो एक व्यक्ति आए हैं, अभी लंबी फेहरिस्त है. अभी एक से एक लोग बगावत करने वाले हैं. जेडीयू समाप्ति के कगार पर है. जेडीयू टुकड़ों में बंट जाएगी.
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बीजेपी-जेडीयू में अंदरखाने कुछ भी ठीक नहीं है. तेजस्वी यादव ने भविष्यवाणी कर दी है कि यह सरकार ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है. आगे आगे देखिए क्या होता है.
बीजेपी में विलय की तैयारी: आरजेडी
केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के इस बयान पर कि सम्राट चौधरी जो हैं वो नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी हैं, इस पर आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “ये बात तो हम लोग लगातार कह रहे हैं कि जेडीयू का बीजेपी में विलय हो गया है… कुछ लोग जो जेडीयू में हैं उनकी आत्मा में बीजेपी बसती है. कौन किसका उत्तराधिकारी है कौन नहीं है, लेकिन बीजेपी में विलय की तैयारी है…”
प्रधानमंत्री की अपील पर भी बरसे
दूसरी ओर पीएम मोदी की अपील पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “पूरा विपक्ष… देश की जनता देख रही है कि प्रधानमंत्री किस तरह अपील करते हैं कि ईंधन बचाइए, पेट्रोल-डीजल बचाइए, सोना मत खरीदिए, विदेश मत घूमिए, खुद विदेश घूम रहे हैं, कथनी और करनी में अंतर है… प्रधानमंत्री जी अच्छे दिन कह रहे थे, आपके अच्छे दिन तो आ गए विदेश घूमने के… लेकिन देश की जनता विदेश नहीं जा सकती, सोना नहीं खरीद सकती, गाड़ियों पर नहीं घूम सकती, यही इनके अच्छे दिन हैं…”
इस सवाल पर कि जेडीयू की ओर से आरजेडी पर आरोप लगाया जा रहा कि निशांत कुमार को टारगेट किया जा रहा है. इस पर उन्होंने कहा कि कल भी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हम स्वास्थ्य मंत्री पर कुछ नहीं बोलेंगे. निशांत के बारे में तेजस्वी यादव ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. जनता तो सब देख रही है. जनता अब आकलन करेगी कि तेजस्वी यादव ने जो-जो कहा सब सच साबित हुआ.
एक सवाल पर कहा कि एनकाउंटर समस्या का समाधान नहीं है. आप योगी मॉडल लाना चाहते हैं लेकिन अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा है. शासन-प्रशासन का जो रौब होता है वर्दी को वो कहीं नहीं दिख रहा है.
