प्रदेश के साथ ही सहारनपुर में भी कराया गया है अभूतपूर्व विकास: गुम्बर

प्रदेश के साथ ही सहारनपुर में भी कराया गया है अभूतपूर्व विकास: गुम्बर
  • सहारनपुर में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनवाते नगर विधायक राजीव गुम्बर

सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के सर्वागींण विकास के साथ ही सहारनपुर जिले व नगर विधान सभा में भी अनेक विकास योजनाएं क्रियान्वित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डालर इकोनिमी के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

नगर विधायक राजीव गुम्बर आज यहां घंटाघर स्थित एक होटल में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वीर बलिदानी भगत सिंह की शरणस्थली फुलवारी आश्रम का पांच करोड़ की लागत से सौंदर्यकरण व विकास कराया जा रहा है। इसी कड़ी में महानगर में बस स्टैण्ड निर्माण के लिए भूमि खरीदी गयी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। श्री गुम्बर ने बताया कि 18 करोड़ की लागत से नये फायर स्टेशन की स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे पुराने शहर बेहट रोड, चिलकाना रोड तथा जनता रोड स्थित गांवों को भी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पर्यटन विकास स्थल योजना के अंतर्गत प्राचीन शिव मंदिर व भैरव काली मंदिर के सौन्दर्यकरण के लिए एक करोड़ रूपये की कार्य योजना स्वीकृत करायी गयी है।

महानगर में कूड़े की समस्या के निस्तारण के लिए कूड़ा निस्तारण एवं प्रबंधन प्लांट का शीघ्र निर्माण कार्य कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए दिल्ली रोड से टपरी रोड होते हुए देहरादून को जोड़ने वाली मिनी बाईपास का निर्माण दिल्ली रोड से अंबाला रोड होते हुए बेहट शाकम्भरी मार्ग को जोड़ने वाले बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा जेल चुंगी से नवाबगंज चौक तक मार्ग का चौड़ीकरण, अंबेडकर चौक से उत्सव पैलेसे मंगलनगर मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया है।

विधायक ने बताया कि नगर विधान सभा में बिजली से संबंधित लगभग 173 करोड रूपये की लागत से विभिन्न कार्य कराये गये है। इसके अलावा महानगर में 13 अमृत पार्को का निर्माण, 19 तालाबों का जीर्णोद्धार व सौन्दर्यकरण कराया गया है। 73 सार्वजनिक शौचालय व महिलाओं के लिए तीन पिंक शौचालय बनवाये गये है। हसनपुर चौक व गांधी पार्क में वाटर फाउटेन की स्थापना की गयी है। एक सवाल के जवाब में गुम्बर ने बताया कि सहारनपुर रेलवे स्टेशन का सौन्दर्यकरण कराया गया है, जिसके अंतर्गत गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करायी गयी है।

प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन हरीश मलिक, पूर्व नगराध्यक्ष अमित गगनेजा, पूर्व महापौर संजीव वालिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, केएल अरोड़ा, नीलू राणा, योग चुग, विपिन कुमार, मनोज ठाकुर, किशोर शर्मा, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग आदि मौजूद रहे।


विडियों समाचार