कालपी बार अध्यक्ष की हत्या पर सहारनपुर के अधिवक्ताओं में आक्रोश, किया प्रदर्शन

कालपी बार अध्यक्ष की हत्या पर सहारनपुर के अधिवक्ताओं में आक्रोश, किया प्रदर्शन

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग, मृतक के परिजनों को डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजा और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की उठाई आवाज

सहारनपुर। कालपी अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट की निर्मम हत्या के विरोध में सहारनपुर के अधिवक्ताओं ने कड़ा आक्रोश जताया। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने और मृतक के परिवार को डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की गई।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी एडवोकेट और महासचिव पालम राणा एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कहा कि 31 अक्टूबर 2026 को कालपी अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का बदमाशों ने अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना की सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने कड़े शब्दों में निंदा की और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए उन्हें अधिकतम सजा दिलाने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में वकीलों के साथ हत्या, लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की।

ज्ञापन में मृतक अधिवक्ता के परिजनों को डेढ़ करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग भी उठाई गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि सरकार को इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान अशोक कुमार पुंडीर, राकेश त्यागी, जमाल साबरी, देवेंद्र चौहान, सतीश चौधरी सहजवा, अरुण चौधरी, कादिर राणा, गुरमीत पंवार, चौधरी नौशाद, प्रवीण राठी, अहमद कमाल राव, अनिता शर्मा, रेखा रानी, रूमन लांबा, ईशान सिद्दीकी, मोहम्मद कैफ, संदीप सिंह काम्बोज, विनित कपिल, अनुश्री, दीपांकर कपिल, सचिन पंवार, महक सिंह पंवार, मैनपाल शर्मा, संदीप सिंह, मोहम्मद आजाद, अमित कुमार, अंकुर वालिया, विनोद कुमार, अभिषेक, सोनू, विकास, प्रदीप सिंह, रजत सिंह, नियाज हुसैन, सौरभ वर्मा, विशाल गौतम, अब्दुल रहमान, राव फैसल, रूबी, राव खालिद और संदीप पंवार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।