‘अपने मन की कुंठा से PM-HM पर अनर्गल बात करते दिखे’, BJP का राहुल गांधी पर हमला

‘अपने मन की कुंठा से PM-HM पर अनर्गल बात करते दिखे’, BJP का राहुल गांधी पर हमला

नई दिल्ली। पंजाब के संगरूर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके बयानों को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के नेता प्रतिपक्ष अपने स्वभाव की उद्दंडता और मन की कुंठा के चलते प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ अनर्गल बयान देते नजर आ रहे हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी नशामुक्ति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि जब तक नशामुक्ति नहीं होगी, तब तक सरकार नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि संकल्प की दृढ़ता क्या होती है, यह राहुल गांधी को समझना चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्री ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया है और सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को तय करना चाहिए कि ऐसे बयानों के बीच वह आगे का रास्ता कैसे तय करेगी। त्रिवेदी ने पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए परमिंदर सिंह के आवास जाने से इनकार करने की बात भी कही।

पीएम मोदी को डिबेट की चुनौती देने पर भी घेरा

राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती दिए जाने पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली की असफलता से ध्यान हटाने के लिए राहुल गांधी अपने तथाकथित सलाहकारों के कहने पर इस तरह के बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान निर्माताओं ने संसद को चर्चा और बहस का सर्वोच्च मंच बनाया है। यदि नेता प्रतिपक्ष संसद में बहस करने के बजाय बाहर डिबेट की चुनौती देते हैं, तो यह संविधान निर्माताओं की भावना का अपमान है।

त्रिवेदी ने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को संसद में इसलिए चुनकर भेजती है, ताकि वे देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और बहस कर सकें। ऐसे में संसद में चर्चा से इनकार करना करोड़ों मतदाताओं के जनादेश का मजाक उड़ाने जैसा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी किसी भी मुद्दे पर संसद में चर्चा होने पर पीछे हट जाते हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद में बहस से बचते हुए बाहर डिबेट की मांग करना संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजाक बनाने जैसा है।