जनगणना-2027: जोन-3 के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जनगणना-2027: जोन-3 के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

सहारनपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत नगर निगम सहारनपुर के जोन-3 में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को नगर निगम के शाकुंभरी कक्ष में शुरू हुआ। प्रशिक्षण 6 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को जनगणना प्रशिक्षण में भाग लेने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में निगम के वरिष्ठ लेखा परीक्षक अजमैन और अध्यापिका साक्षी सेठ ने प्रशिक्षक के रूप में कार्मिकों को जानकारी दी। बैच संख्या 8933 में कुल 49 कार्मिकों को नामित किया गया है। इनमें विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के कार्यों को शुद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराना है। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, परिवारों से जरूरी सूचनाओं का संकलन, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि, मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग तथा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।

प्रशिक्षक अजमैन ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जोन-3 के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 6 नवंबर तक चलेगा, जबकि तृतीय बैच का प्रशिक्षण 12, 13 और 14 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply