त्योहारों के मद्देनजर आबकारी विभाग का विशेष चेकिंग अभियान शुरू

त्योहारों के मद्देनजर आबकारी विभाग का विशेष चेकिंग अभियान शुरू

हरियाणा बॉर्डर पर वाहनों की सघन जांच, 11 नवंबर तक चलेगा अभियान

सरसावा। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में हरियाणा-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर सरसावा टोल प्लाजा के समीप विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 11 नवंबर तक जारी रहेगा।

सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन अवधेश कुमार वर्मा एवं विशाल कुमार वर्मा के नेतृत्व में आबकारी इंस्पेक्टर बलराम सिंह अपनी टीम के साथ अभियान में जुटे हैं। टीम द्वारा हरियाणा की ओर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से वाहनों में अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तलाश की जा रही है।

इसके साथ ही आबकारी विभाग के अधिकारी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकानों का भी निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। 11 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से तस्करी पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है।