मेगा करियर काउंसलिंग सेमिनार में विद्यार्थियों को दी सीए कोर्स की जानकारी, वित्तीय शंकाओं का किया समाधान

मेगा करियर काउंसलिंग सेमिनार में विद्यार्थियों को दी सीए कोर्स की जानकारी, वित्तीय शंकाओं का किया समाधान
कृष्णा इंस्टीट्यूट में आयोजित मेगा करियर काउंसलिंग सेमिनार में विद्यार्थियों को सीए कोर्स की जानकारी देते अतिथि।

गंगोह। कृष्णा इंस्टीट्यूट में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की सहारनपुर शाखा की ओर से मेगा करियर काउंसलिंग विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) कोर्स की बारीकियों और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के सदस्य नीरज गोयल, वरुण गर्ग, सीए आनंद मक्कड़, कंवरदीप सिंह, राहुल शाह, सुमित कंबोज, पूनम शर्मा एवं प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

सेमिनार में सीए आनंद मक्कड़ एवं कंवरदीप सिंह ने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी कोर्स की संरचना, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं राहुल शाह एवं सुमित कंबोज ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सीए के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी का कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थी लेखांकन, ऑडिटिंग, टैक्सेशन एवं वित्तीय परामर्श जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं।

प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को कोर्स की विस्तृत जानकारी देने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर राहुल कुमार, विपुल भारद्वाज, पुनीत कोहली, सोनिका तायल, राकेश देवी, सविता पंवार, हरिओम शर्मा, गौरव सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।