मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
सहारनपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला उत्पीड़न से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।
इसके साथ ही साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सचेत किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 101 अग्निशमन सेवा शामिल हैं।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना किसी डर अथवा संकोच के संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें और पुलिस की सहायता प्राप्त करें।
