अतिक्रमण और जाम के खिलाफ चला अभियान, 76 वाहनों के काटे चालान
सहारनपुर। महानगर को जाममुक्त बनाने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। दीपावली पर्व के मद्देनजर चलाए गए इस अभियान के दौरान 76 वाहनों के चालान काटे गए। साथ ही सड़क और फुटपाथ पर यातायात में बाधा बन रहे रेहड़ी, ठेली और खोखों को हटवाया गया।
संयुक्त टीम ने पैदल गश्त करते हुए घंटाघर चौक, नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक और जोगियान पुल की ओर जाने वाले मार्गों पर कार्रवाई की। इस दौरान यातायात बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। वहीं, सड़कों पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 76 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान बाजार के दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न होने दें। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार की दुकान के सामने अवैध अतिक्रमण पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
