जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए 45 कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए 45 कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

छुटमलपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत विकासखंड क्षेत्र के बरौली स्थित खंड संसाधन केंद्र पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर पंचायत छुटमलपुर सहित ब्लॉक क्षेत्र के कुल 45 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को जनगणना की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर आशुतोष बहादुर और अंकित कुमार ने कर्मचारियों को बताया कि जनगणना के आंकड़े देश की वास्तविक जनसंख्या और लोगों की जीवनशैली से जुड़ी परिस्थितियों को समझने का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनके माध्यम से सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में विकास की जरूरतों का आकलन करने और भविष्य की योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है।

मास्टर ट्रेनर आशुतोष बहादुर ने कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक मकान और परिवार को शामिल करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आंकड़े सटीक रहें और किसी भी परिवार की जानकारी छूटने न पाए।

प्रशिक्षण सत्र में मकानों का विवरण संकलित करने, निर्धारित फॉर्म में जानकारियां दर्ज करने, मोबाइल आधारित जनगणना ऐप संचालित करने और घर-घर जाकर लोगों से सवाल पूछने के तरीकों का अभ्यास कराया गया। कर्मचारियों को परिवार के सदस्यों की संख्या, आवास की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करने की जानकारी भी दी गई। साथ ही निर्देश दिया गया कि किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के दर्ज न किया जाए।

मास्टर ट्रेनर अंकित कुमार ने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य में उदासीनता बरतने या गलत जानकारी दर्ज करने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

इस दौरान हरिशंकर मौर्य, अर्पणा रोहिल्ला, प्रशांत कुमार, मीनाक्षी, सुरेंद्र कुमार, अंजली शर्मा, पुष्पा यादव, ओमवीर, बीरबल, हसीन खान, विवेक कुमार, वंदना सिंह, अमित कुमार, राजेंद्र सिंह, शिवकुमार, भारत भूषण, अनुज कुमार, सीमा और भूपेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।