जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
सहारनपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन स्वगणना के माध्यम से अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति की गणना करेंगे। 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
मंडलायुक्त एवं मंडल जनगणना अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों और निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न कराने के लिए सहारनपुर मंडल में कुल 15,152 तथा जनपद सहारनपुर में 6,889 प्रगणक और सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी।
डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 देश की 16वीं और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आठवीं जनगणना है। पहली बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य जनसंख्या की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े जुटाना है। ये आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के आवंटन और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में जनपद सहारनपुर में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूरा कराया जा चुका है। अब द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना और 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनगणना-2027 में पहली बार आमजन को स्वगणना की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत कोई भी परिवार निर्धारित अवधि में पोर्टल पर जाकर अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। हालांकि, स्वगणना की सुविधा वैकल्पिक है। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनकी गणना निर्धारित अवधि में घर पहुंचने वाले प्रगणकों द्वारा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए निर्धारित प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इनमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, आयु, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा शैक्षिक योग्यता, साक्षरता, विद्यालय या शिक्षण संस्थान में उपस्थिति, रोजगार, आजीविका से जुड़ी गतिविधियों और कार्य की प्रकृति से संबंधित विवरण भी दर्ज किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि जनगणना के दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत व्यक्तिगत जनगणना अभिलेखों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है।
वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी सलिल कुमार पटेल ने भी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त शिपू गिरी, सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार उपस्थित रहे।
