अब घर की छत बनेगी बिजली का स्रोत, जालोरी गेट पर सोलर बूथ शुरू

अब घर की छत बनेगी बिजली का स्रोत, जालोरी गेट पर सोलर बूथ शुरू

सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम के तहत एमएनआरई और जोधपुर डिस्कॉम की संयुक्त पहल, केंद्र से ₹78 हजार और राज्य से ₹17 हजार तक की सब्सिडी का प्रावधान

जोधपुर, 4 नवंबर। आमजन को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिकाधिक परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को जालोरी गेट चौराहे पर सौर ऊर्जा जागरूकता बूथ का शुभारंभ किया गया। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधपुर डिस्कॉम) के अधिकारियों ने सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम (City Acceleration Programme)  के तहत संयुक्त रूप से बूथ का उद्घाटन किया। यह शिविर आगामी 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र, सब्सिडी, ऑनलाइन आवेदन और स्थापना प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में संभागीय मुख्य अभियंता पी.एस. चौधरी ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर उपभोक्ता बिजली बिल में बचत करने के साथ स्वयं बिजली का उत्पादन भी कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की।

एमएनआरई अधिकारी ने बताए केंद्रीय योजना के प्रावधान

एमएनआरई के सिटी कंसल्टेंट ऋषभ त्यागी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र आवासीय उपभोक्ताओं को एक किलोवाट के सोलर संयंत्र पर ₹30,000, दो किलोवाट पर ₹60,000 तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम ₹78,000 की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त राजस्थान सरकार की ओर से पात्र उपभोक्ताओं को ₹17,000 तक की राज्य सब्सिडी का लाभ भी दिया जाता है।

ऋषभ त्यागी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी बिजली खपत के अनुसार सोलर संयंत्र की क्षमता का चयन कर सकते हैं। बूथ पर राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण, अधिकृत वेंडर का चयन, संयंत्र स्थापना, नेट मीटरिंग और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सब्सिडी प्राप्त करने संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से अधिकाधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च कम करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

10 दिन तक उपभोक्ताओं को मिलेगा मार्गदर्शन व सहायता

जालोरी गेट स्थित बूथ पर उपभोक्ताओं को उनकी मासिक बिजली खपत के अनुसार उपयुक्त सोलर संयंत्र, सरकारी सहायता, आवेदन प्रक्रिया और तकनीकी औपचारिकताओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही योजना से जुड़ी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शहर में रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता शहर घनश्याम चौहान, अधीक्षण अभियंता डीएसएम प्रहलाद राम, अधिशासी अभियंता  ए.के. सिंह, सहायक अभियंता  रितेश दत्त बोहरा, एईएन अखिल माथुर तथा एलडीएम श्याम पुरोहित सहित जोधपुर डिस्कॉम के विभिन्न अधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित रहे। एमएनआरई और जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस पहल के माध्यम से आमजन को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।