शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के वाइस चांसलर “आउटस्टैंडिंग वाइस चांसलर ऑफ़ इंडिया” अवार्ड से सम्मानित

गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह को “भारतीय शिक्षा शिखर सम्मलेन 2025” की ओर से “आउटस्टैंडिंग वाइस चांसलर ऑफ़ इंडिया” के अवार्ड से नवाजा गया। यह पुरस्कार प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह को शिक्षा, शोध एवं प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह को 12 फरवरी को चौदहवें भारतीय शिक्षा शिखर सम्मलेन कार्यक्रम के दौरान “शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेंद्र जी” की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम “ली मेरिडियन होटल, नई दिल्ली” में आयोजित किया गया था। भारतीय शिक्षा शिखर सम्मलेन जो उच्च शिक्षा और कौशल विकास में हितधारकों के लिए सार्थक संवाद और सहयोग में शामिल होने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। शिक्षकों, नीति निर्माताओं, उद्योग के नेताओं और विशेषज्ञों को जोड़कर, शिखर सम्मेलन सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करने और क्षेत्र में नवीनतम रुझानों की खोज करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।
प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह की उल्लेखनीय उपलब्धि पर शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र जी ने सर्वप्रथम उनको बधाई दी और कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब आपकी उपलब्धि पर सभी गर्व महसूस कर रहे हैं। आपके कार्य और समर्पण ने न केवल शोभित विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई है, बल्कि आपके अद्वितीय योगदान ने अकादमिक समुदाय में भी एक मिसाल कायम की है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने सर्वप्रथम शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेंद्र जी एवं आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तत्पश्चात उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेंद्र जी का सदैव मार्गदर्शन मिलता है। आगे कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि हर छोटी बड़ी उपलब्धि एक सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। प्रत्येक सफलता एक-दूसरे का सहयोग और समर्थन के आधार पर आगे बढ़ती है। अतः मैं सभी व्यक्तियों का हृदय की गहराइयों से शुक्रिया अदा करता हूं।