वीरसैन कुमार बने ऐतिहासिक मेला गुघाल के संयोजक

सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम के महापौर डा. अजय कुमार ने जाहरवीर गोगाजी महाराज की स्मृति में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेला गुघाल का संयोजक सैक्टर 27 के पार्षद वीरसैन कुमार को नामित किया है।

उल्लेखनीय है कि सहारनपुर नगर निगम द्वारा जाहरवीर गोगाजी महाराज की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 15 दिन तक चलने वाले ऐतिहासिक मेला गुघाल का आयोजन किया जाता है जिसमें सहारनपुर ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से श्रद्धालुओं के आगमन के चलते इसे उत्तर भारत का विशाल मेला माना जाता है। विगत 1 सितम्बर को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षदों द्वारा सर्वसम्मति से मेला संयोजक व संयोजकों के चयन का अधिकार महापौर डा. अजय कुमार सिंह को दे दिया था। इसी के अनुपालन में आज महापौर अजय कुमार सिंह ने सैक्टर 27 के पार्षद वीरसैन कुमार को मेला संयोजक व सैक्ैटर 40 के पार्षद राजेंद्र सिंह को मेला सहसंयोजक नियुक्त किया है। इसके अलावा सैक्टर 14 की पार्षद श्रीमती बरखा रानी व सैक्टर 36 की पार्षद श्रीमती शबाना परवीन को मेला सहसंयोजिका नामित किया गया है।

मेला संयोजक व सह संयोजकों के नामों की घोषणा करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने उम्मीद जतायी है कि इस वर्ष मेला गुघाल गत वर्षो से कई अर्थो में बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि श्रीजाहरवीर गोगा महाड़ी तथा मेला गुघाल के बाजार स्थल पर नगर निगम की ओर से बिजली, पानी व सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं गत वर्षों की अपेक्षा और अधिक बेहतर करने का प्रयास किया जायेगा। मेला गुघाल अपने जिस सद्भाव व सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता है, वह संदेश जनता के बीच स्पष्ट रुप से जा सके इसके लिए भी प्रयास किये जायेंगे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे